
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कवर्धा जिले के आगरपानी के पास हुई सड़क दुर्घटना में पांच लोगों के दुःखद निधन और चार अन्य के घायल होने पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों की समुचित चिकित्सा एवं आवश्यक मदद के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं।
मुख्यमंत्री साय ने दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र के आगरपानी घाट पर शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे एक ट्यूबवेल बोरिंग करने वाली ट्रक गहरी खाई में गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 5 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि चार घायल हैं.
इसे भी पढ़ें :-बिजली दरें संतुलित, ग्रामीण-आदिवासी, सभी के लिए हितकारी तथा विकासपरक….औसतन घरेलू दर में मात्र 10 से 20 पैसे तक वृद्धि
बताया जा रहा है कि यह ट्रक मध्यप्रदेश के शहडोल से छत्तीसगढ़ के पंडरिया की ओर आ रही थी. ट्रक में ट्यूबवेल बोरिंग का सामान था और उसमें कुल 9 मजदूर सवार थे. हादसे की वजह ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा.
हादसे में मौके पर ही तीन मजदूरों की मौत हो गई थी. गंभीर रूप से घायल छह मजदूरों को तत्काल रेस्क्यू कर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों में मजदूर जशपुर (छत्तीसगढ़) और तमिलनाडु के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें :-छत्तीसगढ़ : गौवंश की तस्करी….8 गायों को क्रूरतापूर्वक ठूंस कर छोटा हाथी में ले जा रहे 3 युवक गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही कुकदुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है.
पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है. बताया जा रहा है कि खराब सड़क और वाहन की तेज रफ्तार के कारण भी यह हादसा और गंभीर हो गया.


