
छुरिया। खुज्जी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर एक बार फिर राजनीतिक और जनहित से जुड़े सवाल उठने लगे हैं। प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद खुज्जी विधानसभा क्षेत्र में बड़े विकास कार्यों की गति अपेक्षा के अनुरूप दिखाई नहीं दे रही है। क्षेत्र की जनता का सवाल है कि खुज्जी विधानसभा के साथ सत्ता पक्ष के नेताओं का व्यवहार अलग है? आखिर भाजपा के सत्ता में रहने के बावजूद क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान क्यों नहीं हो पा रहा है?
प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के कारण खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर जनता की उम्मीदें भी सत्ता पक्ष के नेताओं से जुड़ी हुई हैं। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि जब वे विकास कार्यों और जनहित की समस्याओं को लेकर सत्ता पक्ष के नेताओं के पास पहुंचते हैं तो उन्हें तवज्जो नहीं मिलता एक दूसरे नेता के पास जाने को कहा जाता है।
यदि जनप्रतिनिधियों जनता के साथ ऐसा रवैया हो रहा हैं तो यह निश्चित रूप से चिंताजनक है। लोकतंत्र में जनता के कार्यो व क्षेत्र के विकास की जवाबदेही प्रदेश सरकार, मंत्रियों, सत्ता पक्ष के नेताओं और संबंधित विभागों की भी होती है।
सत्ता पक्ष के नेताओं की आपसी गुटबाजी का खामियाजा भुगत रही जनता
क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों का मानना है कि खुज्जी विधानसभा में भाजपा नेताओ का राजनीतिक प्रतिस्पर्धा चरम पर है। आम चर्चा है नेताओं को गुटबाजी से ऊपर उठकर जनता के बीच अपनी सकारात्मक पहचान बनानी चाहिए। जनता केवल चुनाव के समय दिखाई देने वाले चेहरों को नहीं, बल्कि सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले और समस्याओं का समाधान कराने वाले नेताओं को अपना आशीर्वाद देती है।
लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि क्षेत्र के कुछ नेता जनहित के मुद्दों से ज्यादा आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी और एक-दूसरे को राजनीतिक रूप से पीछे करने में व्यस्त दिखाई देते हैं। हालांकि इन आरोपों पर संबंधित नेताओं का पक्ष भी सामने आना चाहिए। राजनीतिक खींचतान के बीच यदि विकास के मुद्दे पीछे छूट रहे हैं तो इसका सीधा नुकसान आम जनता को उठाना पड़ रहा है।
छुरिया–गैंदाटोला मार्ग की बदहाली, सैकड़ों गांवों के ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
खुज्जी विधानसभा क्षेत्र में विकास की स्थिति का एक बड़ा उदाहरण ब्लॉक मुख्यालय छुरिया से गैंदाटोला जाने वाला प्रमुख मार्ग है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत वर्ष 2007 में अमर बिल्डर्स दुर्ग के माध्यम से इस सड़क का निर्माण कराया गया था। ग्रामीणों के अनुसार निर्माण के बाद से अब तक इस मार्ग का समुचित जीर्णोद्धार नहीं हो पाया है।
यह सड़क क्षेत्र के सैकड़ों गांवों और पंचायतों को ब्लॉक मुख्यालय छुरिया से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क की स्थिति इतनी जर्जर हो चुकी है कि जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और डामर पूरी तरह उखड़ चुका है। बरसात के दिनों में परेशानी और बढ़ जाती है, वहीं सामान्य दिनों में भी इस मार्ग से आवागमन करना जोखिम भरा बना हुआ है।
इस मार्ग से कुही, खपराभाट, आलिवारा, दैहान, केसाल, कुमर्दा, मुंजाल, चिरकारीकला सहित ब्लॉक के अंतिम छोर के अनेक गांवों के ग्रामीण आवागमन करते हैं। इसके अलावा कुमर्रा, घुपसाल, दीवानटोला, कल्लूटोला, साल्हेटोला, आमाटोला, धरमूटोला, सीताकसा, मातेखेड़ा, जंगलपुर और गैंदाटोला अंचल के लोगों के लिए भी यह प्रमुख संपर्क मार्ग है।
स्कूली बच्चों की जान जोखिम में, साइकिल से आवागमन भी मुश्किल
इस सड़क की बदहाली का सबसे अधिक असर स्कूली और महाविद्यालयीन विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। छुरिया महाविद्यालय सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थी प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उखड़ा हुआ डामर होने के कारण साइकिल से चलना तक मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार जब इस मार्ग पर बड़ी गाड़ियां गुजरती हैं तो साइकिल से स्कूल जाने वाले बच्चों को दुर्घटना से बचने के लिए सड़क से नीचे उतरना पड़ता है। ऐसे में कभी भी गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। आम नागरिकों, किसानों, मरीजों और छोटे व्यापारियों को भी प्रतिदिन इस जर्जर सड़क के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य सुविधाओं और बुनियादी विकास पर भी उठ रहे सवाल
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि खुज्जी विधानसभा में केवल सड़क ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य बुनियादी समस्याओं पर भी गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। ब्लॉक मुख्यालय छुरिया में बड़ी संख्या में ग्रामीण इलाज, राजस्व कार्य, सरकारी योजनाओं और अन्य जरूरी कामों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में बेहतर सड़क और स्वास्थ्य सुविधाएं क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकता हैं।
जनता का सवाल है कि जब क्षेत्र में इतने महत्वपूर्ण विकास कार्य लंबित हैं तो सत्ता पक्ष के नेता इन समस्याओं को सरकार और संबंधित विभागों के सामने मजबूती से क्यों नहीं उठा रहे हैं? केवल राजनीतिक बयानबाजी और चुनावी दावेदारी से जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होगा।
जनता की मांग : सड़क का जल्द हो मजबूतीकरण और चौड़ीकरण
क्षेत्र के ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि छुरिया से गैंदाटोला मार्ग की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कराकर जल्द से जल्द सड़क का मजबूतीकरण एवं आवश्यकतानुसार चौड़ीकरण कराया जाए। साथ ही क्षेत्र के अन्य जर्जर मार्गों और स्वास्थ्य *सुविधाओं की समस्याओं पर भी प्राथमिकता से पहल हो।*
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि सैकड़ों गांवों को ब्लॉक मुख्यालय से जोड़ने वाली जीवनरेखा है। यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
अब देखना यह होगा कि खुज्जी विधानसभा के सत्ता पक्ष के नेता आपसी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा से ऊपर उठकर जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाते हैं या फिर क्षेत्र की जनता इसी तरह बदहाल सड़कों और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशान होती रहेगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पहल नहीं हुई तो वे सड़क निर्माण की मांग को लेकर व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।



