पणजी : गोवा विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस यानी TMC ने कांग्रेस को गठबंधन करने का ऑफर दिया था। इसके लिए पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कुछ हफ्ते पहले खुद सोनिया गांधी से संपर्क किया था। TMC के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पवन के वर्मा ने न्यूज एजेंसी से कहा, ‘ममता बनर्जी ने सोनिया गांधी से कहा था कि पिछली बातों को भूलकर हम 2022 में नई शुरुआत कर सकते हैं।’
पवन वर्मा ने कहा कि ममता बनर्जी के प्रस्ताव पर सोनिया गांधी ने विचार करके जवाब देने की बात कही थी, लेकिन उनकी तरफ से कोई उत्तर नहीं आया। यह पूछे जाने पर कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के खिलाफ लड़ने वाली TMC गोवा में कांग्रेस से गठबंधन क्यों करना चाहती है, वर्मा ने कहा कि ऐसा करने के पीछे भाजपा के खिलाफ मजबूत गठबंधन तैयार करने की मंशा थी।



