
चंडीगढ़ : पंजाब के गुरदासपुर जिले के केंद्रीय कारागार में गुरुवार को काफी बवाल हुआ. सुबह करीब 11 बजे जेल स्टाफ और कैदियों के बीच किसी बात को लेकर टकराव हो गया. आनन-फानन में जेल में तैनात पुलिस कर्मियों ने स्थिति पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन भड़के कैदियों ने ईंट-पत्थर बरसाना शुरू कर दिए.
वहीँ, इस पत्थरबाजी के दौरान एक एसएचओ सहित पांच पुलिसकर्मी जख्मी हो गए. वहीं पुलिस द्वारा कि गई जवाबी कार्रवाई में चार कैदी भी जख्मी हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल गुरदासपुर में दाखिल कराया गया. स्थिति को बिगड़ते देख जिला पुलिस गुरदासपुर, बटाला, पठानकोट, होशियारपुर और तरनतारन से भारी संख्या में पुलिस मुलाजिम जेल में तैनात कर दिए गए हैं.
इसे भी पढ़ें :-देशभर में सस्ता हुआ पेट्रोल और डीजल, जानिए क्या है नया रेट
इसके अलावा सीआरपीएफ की एक टुकड़ी को भी मौके पर बुलाया गया. पुलिस की बख्तरबंद गाड़ियों के अलावा फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस भी मौके पर तैनात की गई. करीब आठ घंटे बाद स्थिति नियंत्रण में आ पाई. मौके पर पहुंचे एडीजीपी ला एंड आर्डर गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि तीन दिन पहले जेल मुलाजिमों और कैदियों के बीच जेल में अच्छी सेहत सुविधाएं न देने और जेल सिक्योरिटी द्वारा कैदियों के साथ अच्छा व्यवहार न करने को लेकर कहासुनी हुई थी.
उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह 11 बजे के करीब एक बैरक के कैदियों और जेल सिक्योरिटी गार्ड में तकरार हो गई. जो टकराव तक जा पहुंची और पुलिस कर्मचारियों एवं कैदियों के बीच झगड़ा शुरू हो गया. कैदियों ने जेल की बैरक में से कपड़े लेकर छत पर चढ़कर आग लगा दी थी. जिसका धुआं जेल से निकल रहा था.
इसे भी पढ़ें :-पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के सिर पर लगी गंभीर चोट, अस्पताल में भर्ती
उन्होंने बताया कि इस झगड़े में केंद्रीय जेल की बैरकों को भी नुकसान हुआ है. फिलहाल अब कैदियों की कुछ मांगें थीं, जिन पर मिल बैठकर बातचीत के बाद मामला सुलझा लिया गया है. इसके अलावा कैदियों के मेडिकल को लेकर भी कुछ मांगें थीं, जिनके लिए डीसी द्वारा अगले तीन दिन में तीन विशेषज्ञ डाक्टरों की ड्यूटी लगाकर चेकअप कराया जाएगा.
एडीजीपी जेल अरुणपाल सिंह ने बताया कि कैदियों ने उन्हें कुछ समस्याओं के बारे में जानकारी दी है. एडीजीपी व डीसी सहित अधिकारियों ने उनकी मांगों की जानकारी प्राप्त कर ली है. जेल मुलाजिमों और कैदियों की काउंसलिंग की जाएगी. जेल में हुई तोड़फोड़ को लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी. स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है.
इसे भी पढ़ें :-एलांते मॉल में 3 लुटेरों ने कैश कलेक्टर की आंखों में स्प्रे डाल कर की 11 लाख की लुट, चंडीगढ़ पुलिस ने किया गिरफ्तार।


