
नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पार्किंग को लेकर दिनदहाड़े फायरिंग का मामला सामने आया है। माना जा रहा है कि झगड़े के बाद दूसरे पक्ष को डराने के लिए फायरिंग की गई। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वीडियो के आधार पर एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
1 मिनट 22 सेकेंड के वीडियो में दिख रहा है कि एक गली में दो पक्षों की लड़ाई हो रही है। इतने में एक शख्स सामने आता है और गन निकालकर फायर करता है। फिर एक और व्यक्ति सामने आता है और फायर करने लगता है। एक के बाद एक चार फायर किए जाते हैं और पीछे से मारो-मारो की आवाज आती है। यह घटना सोमवार दोपहर को न्यू उस्मानपुर इलाके की है।
यह भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश: स्कूल में फूड प्वाइजनिंग से 100 से ज्यादा छात्र बीमार, अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने बताया कि सोमवार को फायरिंग की सूचना मिलते ही तुरंत एक टीम मौके पर पहुंची। पूछताछ में पता चला कि 4-5 दिन पहले मुनव्वर और सलमान के बीच पार्किंग को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसे उन्होंने सुलझा लिया था, लेकिन सोमवार को दोबारा दोनों के बीच पार्किंग को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर सलमान और उसके परिवार ने मुनव्वर को डराने के लिए हवा में फायरिंग की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वीडियो के आधार पर मुख्य आरोपी इस्लाम को पकड़ लिया है। फिलहाल, आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। उन्हें पकड़ने के लिए टीम बनाई गई है। उन्हें भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।



