अभी-अभीछत्तीसगढ़ब्रेकिंग

भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले भाजपा नेता का विरोध और पुतला दहन हास्यास्पद : मनोज कांडे

अकील मेमन, छुरिया

राजनांदगांव। राजनांदगांव से मोहला-मानपुर तक लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर अब राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में सवाल उठने लगे हैं। इतनी बड़ी राशि से बनने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन और विकास की उम्मीद है, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता, निर्धारित मापदंडों के पालन और ठेकेदार की कथित मनमानी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। करोड़ों रुपये की इस परियोजना में यदि निर्माण की गुणवत्ता से समझौता हो रहा है, तो यह केवल सरकारी धन का मामला नहीं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा और सुविधा से भी जुड़ा गंभीर विषय है।

इस पूरे मामले पर लालबहादुर नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज कांडे सरपंच सघं डोगरगढ़ के संरक्षक जाफर अली , वरिष्ठ भाजपा नेता, राजेन्द्र तिवारी, बेदराम ताम्रकर, अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब सड़क निर्माण में गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं, तब संबंधित विभाग और ठेकेदार को सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। इसके विपरीत निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाने वाले भाजपा नेता भरत वर्मा को कथित रूप से विरोध और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा उन्हें देख लेने तथा निर्माण कार्य बंद कराने जैसी बातें कही गईं। यदि ऐसा हुआ है तो यह बेहद गंभीर मामला है।

भ्रष्टाचार पर सवाल उठाना अपराध नहीं, जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी 

मनोज कांडे ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी जनप्रतिनिधि, राजनीतिक कार्यकर्ता अथवा आम नागरिक को सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाने का पूरा अधिकार है। विकास कार्य जनता के पैसों से होते हैं, इसलिए जनता को यह जानने का अधिकार है कि उनके पैसों का उपयोग किस गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है। यदि कोई नेता सड़क निर्माण में गड़बड़ी की ओर ध्यान आकर्षित करता है, तो उसकी बातों की जांच होनी चाहिए, न कि राजनीतिक विरोध और दबाव बनाने का प्रयास किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाने वाले भाजपा नेता भरत वर्मा को निशाना बनाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन किया जाना हास्यास्पद है। विपक्षी दल को यदि निर्माण कार्य में कोई गड़बड़ी नजर नहीं आती तो उसे तथ्यों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। केवल राजनीतिक विरोध के लिए किसी व्यक्ति की आवाज दबाने का प्रयास उचित नहीं है।

ठेकेदार की राजनीतिक पहुंच को लेकर भी लगाए आरोप

भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज कांडे ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार के प्रदेश के दो प्रभावशाली कांग्रेस नेताओं से अच्छे संबंध हैं। उन्होंने जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि क्या राजनीतिक संबंधों के चलते निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाने वाले भाजपा नेता का विरोध किया जा रहा है?

कांडे ने सवाल किया कि क्या किसी ठेकेदार की राजनीतिक पहुंच इतनी प्रभावशाली हो सकती है कि उसके निर्माण कार्य पर सवाल उठाने वाले व्यक्ति के खिलाफ विपक्ष द्वारा राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं? भ्रष्टाचार और गुणवत्ता संबंधी मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय संबंधित विभाग को निष्पक्ष जांच कराकर जनता के सामने सच्चाई रखने का मांग करना चाहिए।

कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों की चुप्पी भी चर्चा का विषय 

मनोज कांडे ने कहा कि विपक्षी कांग्रेस की भूमिका भी इस पूरे घटनाक्रम में सवालों के घेरे में है। विपक्ष का दायित्व केवल सत्ता पक्ष के खिलाफ राजनीतिक बयानबाजी करना नहीं, बल्कि जनता के हितों से जुड़े मामलों में सरकार और प्रशासन से जवाब मांगना भी है। लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों की ओर से निर्माण कार्य की तकनीकी जांच और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर कोई प्रभावी पहल सामने नहीं आना चर्चा का विषय है।

उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष वास्तव में जनता के हितों को लेकर गंभीर है तो उसे सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच की मांग करनी चाहिए। जनता के करोड़ों रुपये से बन रही सड़क के मामले में राजनीतिक दलों को एक-दूसरे पर आरोप लगाने के बजाय जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में काम करना चाहिए।

सड़क की गुणवत्ता की जांच हो, राजनीतिक तमाशा नहीं

राजनांदगांव से मोहला-मानपुर तक बनने वाली सड़क क्षेत्र के विकास और आवागमन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री, सड़क की मोटाई, निर्धारित तकनीकी मापदंडों और कार्य की गुणवत्ता की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराया जाना आवश्यक है। यदि कहीं अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर नियमानुसार कार्यवाही होनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button