अभी-अभीछत्तीसगढ़ब्रेकिंग

शिकारी माहका धान खरीदी केंद्र पहुंचे खुज्जी विधायक भोलाराम साहू,धान खरीदी व्यवस्था का लिया जायजा

अकील मेमन छुरिया

छुरिया। खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के विधायक भोलाराम साहू ने शिकारी माहका धान खरीदी केंद्र पहुंचकर धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खरीदी केंद्र में मौजूद किसानों से मुलाकात कर धान खरीदी, तौल व्यवस्था एवं किसानों को हो रही परेशानियों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।

विधायक साहू ने खरीदी केंद्र में किसानों से प्रति कट्टा धान की तौल के संबंध में जानकारी ली और मौके पर धान की तौल प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने समिति प्रबंधक से धान खरीदी की वर्तमान स्थिति सूखत एवं अन्य व्यवस्थाओं के बारे में भी चर्चा की। समिति प्रबंधक ने विधायक को बताया कि पिछले दो वर्षों से शासन द्वारा समिति को कमीशन का भुगतान नहीं किया गया है। इस पर विधायक ने समिति की समस्याओं एवं खरीदी व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली।

आरआई पर रकबा काटने का किसानों ने लगाया आरोप

धान खरीदी केंद्र में पहुंचे किसानों ने विधायक भोलाराम साहू के समक्ष राजस्व निरीक्षक (आरआई) शक्ति सिंह को लेकर शिकायत रखी। किसानों का आरोप है कि खेतों के सर्वे के दौरान उनके कृषि रकबे में कटौती की गई है, जिससे धान बेचने के लिए निर्धारित रकबे को लेकर किसानों के सामने परेशानी खड़ी हो रही है। किसानों ने इस मामले में निष्पक्ष जांच कराकर वास्तविक कृषि रकबे के अनुसार सर्वे कराने की मांग की।

किसानों की शिकायत को विधायक भोलाराम साहू ने गंभीरता से सुना। उन्होंने इस विषय पर संबंधित उच्च अधिकारियों से चर्चा कर उचित जांच एवं आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। विधायक ने किसानों की समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाने तथा धान खरीदी प्रक्रिया में किसानों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो, इस दिशा में पहल करने की बात कही।

किसानों की समस्याओं पर विधायक ने लिया संज्ञान

धान खरीदी के महत्वपूर्ण दौर में विधायक का खरीदी केंद्र पहुंचना क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा। किसानों ने रकबा सर्वे से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की अपेक्षा जताई। अब देखना होगा कि किसानों द्वारा लगाए गए आरोपों की प्रशासनिक जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और संबंधित विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।

इस अवसर पर जिला महामंत्री राजू सिन्हा, जिला प्रवक्ता चुम्मन साहू सहित कांग्रेस नेता, किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button